
कनाडा में पंजाबी युवाओं की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताज़ा मामला बरनाला ज़िले के हल्का महल कलां के गांव गुरम से सामने आया है, जहां 23 साल के युवक राजप्रीत सिंह की बीमारी के कारण कनाडा में मौत हो गई। आज जब राजप्रीत का शव गांव पहुंचा तो पूरे इलाके में मातम छा गया।
राजप्रीत सिंह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता कुलवंत सिंह, जो एक प्राइवेट बस ड्राइवर हैं, ने अपने बेटे के अच्छे भविष्य के लिए अपनी 2 एकड़ ज़मीन पर लोन लेकर 23 लाख रुपये खर्च किए थे। राजप्रीत ढाई साल पहले पढ़ाई करने के लिए कनाडा के ब्रैम्पटन गया था।
परिवार के मुताबिक, राजप्रीत को अचानक पेट में दर्द हुआ, जिसके बाद इलाज के दौरान 17 जनवरी को उसकी मौत हो गई। दुख की बात यह है कि अपने इकलौते बेटे की बॉडी पंजाब लाने के लिए भी गरीब पिता को दोबारा 9.50 लाख रुपये का कर्ज लेना पड़ा।
आज राजप्रीत सिंह का गांव गुर्म में नम आंखों से अंतिम संस्कार किया गया। इस मौके पर रोते-बिलखते माता-पिता ने कहा कि राजप्रीत ने वादा किया था कि वह अपनी मां से हर सुबह-शाम बात करेगा, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।
पीड़ित परिवार ने पंजाब सरकार से मांग की है कि: उनका कर्ज माफ किया जाए। परिवार को आर्थिक मदद दी जाए ताकि वे अपना गुज़ारा कर सकें।



