
पंजाब के लोगों को मिल रही बड़ी राहत पंजाब सरकार की तरफ से हेल्थ केयर सर्विसेज को लेकर ऐतिहासिक फैसला लेते हुए हर परिवार को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिलेगा। पंजाब सरकार की तरफ से मुख्यमंत्री सेहत योजना के शुभारंभ को मंजूरी दी। इस योजना के लागू होने के बाद पंजाब देश का पहला ऐसा राज्य बनेगा, जहां हर परिवार को बिना किसी शर्त के 10 लाख रुपये तक का फ्री इलाज का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पहले एक परिवार को सिर्फ 5 लाख रुपये तक का इलाज मिलता था, लेकिन अब इस सीमा को बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दिया गया है. उन्होंने साफ किया कि इस योजना का लाभ हर पंजाब निवासी को मिलेगा, चाहे वह सरकारी कर्मचारी हो, पेंशनर हो या कोई आम नागरिक. इसमें आय की कोई सीमा नहीं होगी. उन्होंने कहा कि अब पंजाब का कोई भी नागरिक पैसों की कमी की वजह से इलाज से वंचित नहीं रहेगा और वह किसी भी सरकारी या सूचीबद्ध निजी अस्पताल में मुफ्त इलाज करा सकेगा।मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत गंभीर बीमारियां, सर्जरी, आई सी उ और क्रिटिकल केयर, जीवन रक्षक उपचार, जांच, दवाइयां, अस्पताल में भर्ती से पहले और बाद के इलाज का हेल्थ केयर कवरेज होगा। इन सभी खर्चों को तय पैकेज के तहत कवर किया जाएगा। इलाज पंजाब और चंडीगढ़ के सरकारी और इम्पैनल्ड प्राइवेट अस्पतालों में कराया जा सकेगा। योजना को पूरी तरह डिजिटल बनाया जाएगा. इलाज कैशलेस और पेपरलेस होगा, जिससे मरीजों को अस्पतालों में किसी तरह की आर्थिक या कागजी परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी. इसके साथ ही डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए शिकायत निवारण और लाभार्थी सहायता की व्यवस्था भी की जाएगी। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह योजना राज्य में यूनिवर्सल हेल्थ केयर सर्विस की नींव मजबूत करेगी। इसका मकसद हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण इलाज तक आसान और सुरक्षित पहुंच देना है। सरकार का मानना है कि इस योजना से शहरों और गांवों, दोनों जगह रहने वाले लोगों की जेब से होने वाला इलाज का खर्च काफी हद तक कम होगा और स्वास्थ्य सेवाओं पर भरोसा बढ़ेगा।



