मोहाली में फ्लाईओवर पर एक प्राइवेट बस में अचानक आग लग गई। बस आगरा से अमृतसर जा रही थी और उसमें कई यात्री सवार थे। ड्राइवर ने समझदारी से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, आग ने बस को पूरी तरह से जला दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक, जब बस फ्लाईओवर के बीच में पहुंची तो उसके इंजन से धुआं निकलने लगा। ड्राइवर ने तुरंत बस रोकी और सभी यात्रियों को जल्द से जल्द नीचे उतरने के लिए कहा। कुछ ही मिनटों में आग लग गई, जिसने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही डेराबस्सी और जीरकपुर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। फायरफाइटर्स ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।



