
अमृतसर के सिविल अस्पताल में भीषण आग लगने की खबर सामने आई है। अस्पताल के ब्लड बैंक में आज सुबह आग लग गई, जिससे अस्पताल प्रशासन और मरीजों में दहशत फैल गई। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थिति का जायजा लिया गया।
सूचना मिलते ही सिविल सर्जन डॉ. स्वर्णजीत सिंह धवन और सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. अजय गुप्ता मौके पर पहुँचे। कर्मचारियों ने अस्पताल को धुएँ से बचाने के लिए शीशे तोड़े। ब्लड बैंक के बगल में ही बच्चों का वार्ड है। कर्मचारियों ने अग्निशमन यंत्र से आग पर काबू पाया। बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ।