खबरदेशराजनीतिराज्य

जम्मू में शादी के फंक्शन के दौरान फारूक अब्दुल्ला पर फायरिंग; पूर्व CM बाल-बाल बचे

पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला बुधवार रात जम्मू के ग्रेटर कैलाश इलाके में एक शादी समारोह के दौरान हुई फायरिंग में बाल-बाल बच गए।

पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला बुधवार रात जम्मू के ग्रेटर कैलाश इलाके में एक शादी समारोह के दौरान हुई फायरिंग में बाल-बाल बच गए। उनके साथ मौजूद जम्मू-कश्मीर के उप मुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी को छर्रे लगने से मामूली चोटें आईं। आरोपी कमल सिंह जामवाल, जिसने अचानक पीछे से आकर अब्दुल्ला पर गोली चलाई, को सुरक्षाकर्मियों ने मौके पर ही पकड़ लिया। उप मुख्यमंत्री चौधरी बाद में मीडिया के सामने आए और बताया कि सभी सुरक्षित हैं।

फारूक अब्दुल्ला और सुरिंदर चौधरी दूसरे नेशनल कॉन्फ्रेंस नेताओं के साथ गांधीनगर के ग्रेटर कैलाश में रॉयल पार्क में एक सीनियर वकील की बेटी की शादी में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान एक व्यक्ति ने अचानक लाइसेंसी हथियार से फायरिंग कर दी। फायरिंग से वहां अफरा-तफरी मच गई। हथियार के छर्रे लगने से डिप्टी चीफ मिनिस्टर सुरिंदर चौधरी को मामूली चोटें आईं।

मौके पर मौजूद डॉक्टरों और सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उन्हें फर्स्ट एड दिया। अधिकारियों के मुताबिक, उनकी चोटें गंभीर नहीं हैं और वे सुरक्षित हैं। गोली की आवाज सुनते ही मौके पर तैनात पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई की और हमलावर को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी को हिरासत में ले लिया गया और उसके पास से हथियार भी बरामद कर लिया गया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने बताया कि नेशनल कॉन्फ्रेंस के कुछ कार्यकर्ताओं ने शूटर की पिटाई की। पुलिस के मुताबिक, हमलावर से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसने गोली क्यों चलाई। घटना के बाद सीनियर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे, हालात का जायजा लिया और जांच के आदेश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button