
लद्दाख के गलवान से एक बेहद दुर्भाग्यपूर्ण खबर सामने आ रही है। जानकारी के अनुसार, वहाँ के चारबाग इलाके में एक बड़ा हादसा हुआ है। सेना के एक वाहन पर पत्थर गिर गया।
इससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन में सवार दो अधिकारी शहीद हो गए और तीन अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एयरलिफ्ट किया गया। घायलों में 2 मेजर और 1 कैप्टन शामिल हैं। सैनिकों का काफिला दुरबुक से चोंगटास की ट्रेनिंग यात्रा पर था।
यह हादसा बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे हुआ जब दुरबुक से चोंगटास जा रहा सेना का एक वाहन भूस्खलन में फंस गया। इसमें 14 सिंध हॉर्स के लेफ्टिनेंट कर्नल मनकोटिया और दलजीत सिंह शहीद हो गए। जबकि मेजर मयंक शुभम (14 सिंध हॉर्स), मेजर अमित दीक्षित और कैप्टन गौरव (60 आर्मर्ड) घायल हो गए।
घायल सैनिकों को 153 जीएच, लेह ले जाया गया है। इस दुर्घटना के संबंध में, भारतीय सेना की फायर एंड फ्यूरी कोर ने जानकारी दी है कि 30 जुलाई को सुबह लगभग 11:30 बजे लद्दाख में एक सैन्य काफिले के वाहन पर एक चट्टान से पत्थर गिर गया। बचाव अभियान जारी है।
मई में रामबन में हुआ था भीषण हादसा
यह हाल के महीनों में किसी सैन्य वाहन से जुड़ी सबसे बड़ी दुर्घटना है। इसी साल मई में जम्मू-कश्मीर के रामबन ज़िले में एक सैन्य वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। यह दुर्घटना ज़िले के बैटरी चश्मा के पास हुई, जहाँ सेना का ट्रक 200-300 मीटर गहरी खाई में गिर गया। इस दुर्घटना में 3 जवान शहीद हो गए। यह सैन्य ट्रक जम्मू से श्रीनगर जा रहा था।
इसी वजह से हुआ सैन्य वाहन दुर्घटनाग्रस्त
अधिकारियों ने बताया कि यह दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर सुबह 11:30 बजे हुई। सेना का ट्रक श्रीनगर जा रहे एक काफिले का हिस्सा था। हादसा इतना दर्दनाक था कि ट्रक धातु के ढेर में तब्दील हो गया। जाँच में पता चला कि वाहन का संतुलन बिगड़ने के कारण यह भीषण दुर्घटना हुई।