
पंजाब सरकार ने राशन कार्ड के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। राशन कार्ड के लिए कई पुरानी एलिजिबिलिटी शर्तें हटा दी गई हैं और सालाना भत्ता भी बढ़ा दिया गया है।
बदले हुए नियमों के मुताबिक, अब 8 लाख रुपये सालाना इनकम वाले परिवारों को भी राशन मिलेगा। पहले यह लिमिट 1.80 लाख रुपये सालाना थी लेकिन अब इसे बढ़ाकर 8 लाख रुपये कर दिया गया है। इतना ही नहीं, ज़मीन से जुड़ी शर्तों में भी बड़ी छूट दी गई है। 100 गज के घर वाले परिवार भी इस स्कीम के लिए एलिजिबल माने जाएंगे। पहले 2.5 एकड़ उपजाऊ और 5 एकड़ बारिश पर निर्भर ज़मीन की लिमिट तय थी, जिसकी वजह से बहुत से लोग इस स्कीम का फायदा नहीं उठा पा रहे थे लेकिन अब यह शर्त हटा दी गई है।

पंजाब सरकार की तरफ से जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक, अब चार पहियों वाली गाड़ी के मालिक भी इस स्कीम का फायदा उठा सकेंगे। इतना ही नहीं, AC घरों में रहने वाले लोगों को भी राशन मिलेगा। हालांकि, सरकारी कर्मचारियों को इस स्कीम के दायरे से बाहर रखा गया है। अभी पंजाब में करीब 47.5 लाख लाभार्थी इस स्कीम का फायदा उठा रहे हैं, लेकिन नए नोटिफिकेशन के बाद यह संख्या बढ़ सकती है। पंजाब सरकार ने 11 सितंबर 2025 के नोटिफिकेशन में बदलाव किया है। जबकि केंद्र के आदेश के तहत 11 लाख संदिग्ध कार्ड काटे जाने थे।



