
LPG गैस की सप्लाई को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। ‘जंग वसंत’ नाम का जहाज कांडला पोर्ट पहुंच गया है। यह होर्मुज जलडमरूमध्य को पार करके गुजरात पहुंच गया है। इस जहाज में 42 हजार मीट्रिक टन से ज़्यादा LPG गैस लाई गई है।
यह कंसाइनमेंट ऐसे समय में आया है जब दुनिया भर में एनर्जी की सप्लाई को लेकर काफी अनिश्चितता है। कांडला पोर्ट अथॉरिटी ने कहा कि यह गैस आज ही मिड-सी ट्रांसफर के ज़रिए उतारी जाएगी। मिड-सी ट्रांसफर का मतलब है कि गैस को जहाज से समुद्र में किसी दूसरे सिस्टम या पोर्ट फैसिलिटी तक पहुंचाया जाता है। इससे गैस जल्दी उतारी जा सकती है, समय बचता है और सप्लाई भी जल्दी शुरू हो जाती है।
इस बड़ी खेप से देश में LPG गैस की उपलब्धता और मजबूत होने की उम्मीद है। खासकर तब जब इंटरनेशनल मार्केट में एनर्जी सप्लाई को लेकर कुछ अस्थिरता है। आपको बता दें कि कांडला पोर्ट भारत के सबसे बड़े एनर्जी इंपोर्ट पोर्ट में से एक है। यहां से देश के अलग-अलग हिस्सों में LPG गैस भेजी जाती है। इस कंसाइनमेंट के आने से आने वाले दिनों में घरेलू LPG सप्लाई को स्थिर रखने में मदद मिलेगी।
गौरतलब है कि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से कुछ ही देशों को जहाज़ ले जाने की इजाज़त दी है। भारत उन देशों में से है जिन्हें ईरान ने इस रास्ते का इस्तेमाल करने की इजाज़त दी है।



