
पंजाब के मोहाली के सोहाना में एक कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान प्रमोटर और खिलाड़ी दिग्विजय सिंह उर्फ राणा बलाचौरिया की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। राणा बलाचौरिया का पोस्टमॉर्टम आज (16 दिसंबर) होगा। बॉडी पोस्टमॉर्टम के लिए मोहाली के सिविल हॉस्पिटल पहुंच गई है। आज शाम तक उनके शव का अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा।
इस मामले में मोहाली पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है और हत्यारों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिशें जारी हैं। बंबीहा गैंग ने सोशल मीडिया पोस्ट में हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि उन्होंने सिद्धू मूसेवाला की हत्या का बदला ले लिया है।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार शाम को सोहाना के सेक्टर 82 ग्राउंड में कबड्डी टूर्नामेंट चल रहा था। मैच के कमेंटेटर सेवक शेरगढ़ ने बताया कि राणा बलाचौरिया जालंधर की शकरपुर टीम के मैनेजर थे। वह टूर्नामेंट में दो टीमें लेकर आए थे। सेमीफाइनल मैच ड्रॉ होने के बाद वह मैदान से जा रहे थे।
हमलावर सेल्फी लेने के बहाने उनके पास आया और उनके सिर में गोली मार दी। सोमवार रात भर पुलिस ने सोहाना के आसपास उन सभी जगहों पर CCTV कैमरे चेक किए, जहां से हमलावरों की गाड़ियां गुजरीं। बताया जा रहा है कि हमलावर बोलेरो गाड़ी में आए थे। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें मोटरसाइकिल पर भागते हुए भी देखा।
आपको बता दें कि राणा बलाचौरिया की शादी 10 दिन पहले ही हुई थी। राणा बलाचौरिया की नई-नवेली पत्नी और मां समेत पूरा परिवार फूट-फूट कर रो रहा है। इस घटना के बाद राणा बलाचौरिया के घर में मातम छाया हुआ है। पूरे इलाके में शोक की लहर है।


