
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार राज्य के हर वर्ग की भलाई के लिए भरभूर यत्न कर रही है। इसी कड़ी के तहत आश्रित एवं अनाथ बच्चों के सुरक्षित, सम्मानजनक और सर्वांगीण विकास के लिए सरकार द्वारा लगातार बड़े कदम उठाए जा रहे हैं। पंजाब सरकार द्वारा अब तक राज्य के आश्रित एवं अनाथ बच्चों के लिए वित्तीय सहायता जारी की जा रही है, जिससे हजारों बच्चों के जीवन में सुरक्षा और स्थिरता आई है। इस योजना के तहत राज्य के आश्रित एवं अनाथ बच्चों को नियमित वित्तीय सहायता दी जा रही है, ताकि ये बच्चे आर्थिक सहारे के साथ शिक्षा प्राप्त कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें और आत्मनिर्भर जीवन की ओर आगे बढ़ सकें। आश्रित एवं अनाथ बच्चे केवल सरकारी आंकड़े नहीं हैं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी हैं। पंजाब सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि कोई भी बच्चा मजबूरी, उपेक्षा या आर्थिक कमजोरी के कारण अपनी पढ़ाई और सपनों से वंचित न रहे। पंजाब सरकार हर ऐसे बच्चे के साथ संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ खड़ी है। इस योजना का लाभ वे बच्चे ले सकते हैं जिनकी आयु 21 वर्ष से कम है और जिनके माता-पिता या तो दोनों नहीं रहे, या दोनों घर से अनुपस्थित हैं, या शारीरिक एवं मानसिक रूप से अक्षम होने के कारण परिवार की देखभाल करने में असमर्थ हैं। पंजाब सरकार की यह पहल केवल वित्तीय सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राज्य के हर बच्चे को सुरक्षित, सम्मानजनक और सुनहरे भविष्य की ओर ले जाने की स्पष्ट और दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाती है।



