
पंजाब रोडवेज पनबस और PRTC कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन ने जेल में बंद साथियों की रिहाई समेत कई मांगों को लेकर बुधवार दोपहर 12 बजे अचानक पूरे राज्य में हड़ताल का ऐलान कर दिया।
कर्मचारियों ने बस सर्विस पूरी तरह से ठप कर दी। इस दौरान बस स्टैंड पर आने वाले यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों को मजबूरन प्राइवेट बसों में जाना पड़ा।
हड़ताल से राज्य भर में 50 से ज्यादा रूट प्रभावित हुए। करीब छह घंटे चली हड़ताल की वजह से 70 परसेंट बस सर्विस बंद रही। हड़ताल के बाद PRTC एडमिनिस्ट्रेशन ने कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन को मीटिंग के लिए बुलाया लेकिन बात नहीं बनी।
यूनियन के प्रदेश प्रेसिडेंट रेशम सिंह गिल और प्रदेश स्पोक्सपर्सन हरकेश विक्की ने बताया कि सेक्रेटरी ट्रांसपोर्ट के साथ मीटिंग हो चुकी है।
मीटिंग में दस कर्मचारियों को जेल से रिहा करने की मांग को मना कर दिया गया। इसलिए यूनियन ने आने वाले दिनों में भी हड़ताल जारी रखने का फैसला किया है।



