
जालंधर के मीठा बाजार इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। बाथरूम के गीजर से गैस लीक होने से 22 साल की लड़की की मौत हो गई। मृतक मुनमुन चितवन शिवसेना के नॉर्थ इंडिया चीफ दीपक कंबोज की बेटी थी।
दुख की बात यह है कि मुनमुन का बर्थडे न्यू ईयर के दिन था और घर पर तैयारियां चल रही थीं, जो अचानक मातम में बदल गईं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुनमुन नहाने के लिए बाथरूम में गई थी। गीजर के पाइप में टेक्निकल खराबी की वजह से गैस लीक हो गई। बाथरूम बंद होने की वजह से गैस अंदर जमा हो गई, जिससे मुनमुन को सांस लेने में दिक्कत हुई और वह बेहोश हो गई। जब वह काफी देर तक बाहर नहीं आई, तो उसके परिवार को शक हुआ। उन्होंने दरवाजा तोड़ा और मुनमुन को बेहोश पड़ा पाया। परिवार उसे तुरंत पास के हॉस्पिटल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में पता चला कि मौत का कारण दम घुटना था।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मुनमुन पढ़ी-लिखी, मिलनसार और खुशमिजाज थी। उसकी अचानक मौत से न सिर्फ उसके परिवार में बल्कि पूरे इलाके में दुख की लहर दौड़ गई है।



