
किसान संगठनों ने आज पंजाब बंद का ऐलान किया है। सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक बाजार बंद रहेंगे। पंजाब बंद का असर राज्य के विभिन्न शहरों में देखने को मिल रहा है। सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है।
शहरों में सभी बाजार और अन्य कारोबार बंद नजर आ रहे हैं। आपको बता दें कि किसानों ने सुबह 7 बजे से लुधियाना-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग बंद कर दिया था और किसान संगठन के सदस्य समराला के पास नीलो ब्रिज पर धरने पर बैठकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
किसान नेताओं ने कहा है कि सुबह 7 बजे से शुरू हुआ यह बंद शाम 4 बजे तक जारी रहेगा लेकिन आपातकालीन सेवाओं में कोई रोक नहीं होगी। जिन लोगों को आपातकालीन स्थिति में कहीं जाना है, उन्हें यात्रा करने से नहीं रोका जा रहा है।
आपको बता दें कि अमृतसर, लुधियाना, मोगा, बठिंडा, मोहाली, जलालाबाद, समराला, माछीवाड़ा साहिब, खन्ना और दोराहा समेत अन्य शहरों और कस्बों में बाजार पूरी तरह से बंद हैं।
किसानों के पंजाब बंद का असर लुधियाना में भी देखने को मिल रहा है। हाईवे जाम है। इससे यात्रियों को परेशानी हो रही है। शहर के मुख्य बाजार भी बंद हैं। बंद का असर यातायात पर भी पड़ा है।
बंद को लेकर कई संगठनों ने भी किसानों को अपना समर्थन दिया है। लुधियाना में हाईवे स्थित शुगर मिल चौक पर किसानों का धरना सुबह करीब साढ़े आठ बजे शुरू हुआ। यहां वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से रोक दी गई है।
जलालाबाद में भी पंजाब बंद को पूरा समर्थन मिला है। बाज़ार और दुकानें बंद हैं। वाहनों की आवाजाही भी रोक दी गई है। किसान संगठनों ने जगह-जगह धरना दिया है। हालाँकि, आपातकालीन वाहनों को आने-जाने की अनुमति दी जा रही है।
अमृतसर के गोल्डन गेट पर किसान संगठनों ने धरना दिया है। वहीं, अमृतसर ज़िले में कई जगहों पर किसानों ने सड़कें जाम कर दी हैं। किसान सड़कें जाम करके अपना विरोध जता रहे हैं। अमृतसर बस स्टैंड से कोई भी बस नहीं चली। यात्रियों ने बताया कि उन्हें बिना किसी सूचना के बस स्टैंड पर घंटों इंतज़ार करना पड़ा।