खबरदेशबिज़नेस

2014 से अब तक भारत के डॉप्लर मौसम राडार (डीडब्ल्यूआर) नेटवर्क का उल्लेखनीय विस्तार, 250 प्रतिशत से ज्यादा वृद्धि के साथ चालू इकाइयों की संख्या 14 से बढ़ कर 50 हुई: डॉ जितेंद्र सिंह

डॉप्लर राडार नेटवर्क के विस्तार के साथ भारत में मौसम का अनुमान जीवनशैली बना: केंद्रीय मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह

भारत ने 2014 के बाद से अपने डॉप्लर मौसम राडार (डीडब्ल्यूआर) नेटवर्क का उल्लेखनीय विस्तार किया है। अब 14 परिचालन इकाइयों से बढ़कर इनकी संख्या 50 हो गई है, जो 250 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि को दर्शाता है। देश के 87 प्रतिशत से अधिक हिस्से को कवर करने वाले इन नए राडारों से भारत के मौसम विज्ञान विभाग द्वारा चक्रवात, भारी बारिश और आंधी-तूफान के पूर्वानुमान में काफी सुधार हुआ है। इसके साथ ही, ‘मिशन मौसम’ के तहत 50 और राडार स्थापित करने की योजना है।

यह जानकारी आज विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), डॉ. जितेंद्र सिंह ने लोधी रोड स्थित मौसम विज्ञान विभाग मुख्यालय के प्रवेश द्वार पर ‘मौसम राडार’ को दर्शाने वाले एक सेल्फी पॉइंट का उद्घाटन करने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान दी। इस अवसर पर पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सचिव डॉ. एम. रविचंद्रन, भारत मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्र और अन्य वरिष्ठ अधिकारी और वैज्ञानिक भी उपस्थित थे।

मंत्री महोदय ने बताया कि यह बदलाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार द्वारा इस क्षेत्र को दी गई उच्च प्राथमिकता के कारण ही संभव हो पाया है, इससे मौसम के पूर्वानुमानों में अधिक सटीकता, सुलभता और जन-विश्वास बढ़ा है।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि पिछले एक दशक में भारत की मौसम संबंधी सेवाओं में उल्लेखनीय परिवर्तन आया है। उन्होंने बताया कि एक समय था जब मौसम के पूर्वानुमानों को अक्सर संदेह की दृष्टि से देखा जाता था, लेकिन आज की प्रणाली अत्यधिक विश्वसनीय और सटीक पूर्वानुमान लगाती है। इनका उपयोग किसानों और गृहिणियों से लेकर पायलटों और कार्यक्रम आयोजकों तक, उपयोगकर्ताओं का एक बड़ा वर्ग करता है। उन्होंने आगे कहा कि लोग अब घर से बाहर निकलने से पहले नियमित रूप से अपने मोबाइल फोन पर मौसम की जानकारी देखते हैं, जो आईएमडी की सेवाओं के प्रति बढ़ते विश्वास और व्यापक पहुंच को दर्शाता है।

पूर्वानुमान के क्षेत्र में हुई प्रगति का उल्लेख करते हुए, डॉ. जितेंद्र सिंह ने ‘नाउकास्ट’ सेवाओं की शुरुआत पर प्रकाश डाला, इससे अगले तीन घंटों के लिए बेहद स्थानीय और सटीक पूर्वानुमान लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की वास्तविक समय की जानकारी आपदा प्रबंधन, शहरी नियोजन और रोज़मर्रा के फ़ैसले लेने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आगे कहा कि भारत की पूर्वानुमान क्षमता अब उस मुकाम पर पहुँच गई है जहाँ वह बारिश की तीव्रता, वर्षा के प्रकार, ओलावृष्टि की संभावना और यहाँ तक कि बारिश की बूंदों के आकार के बारे में भी विस्तृत जानकारी प्रदान कर सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button