
लुधियाना के सिविल लाइन्स इलाके में शाम के समय झपटमारी की एक और घटना सामने आई है। बाइक पर सवार दो अज्ञात लुटेरों ने इकबाल नर्सिंग होम के पास टहल रही एक महिला से डेढ़ तोला सोने की चेन छीन ली और पलक झपकते ही फरार हो गए।
संत नगर गोकुल विहार हैबोवाल कलां की रहने वाली भावना ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि शाम करीब 6:10 बजे वह डमोरिया पुल की तरफ से इकबाल नर्सिंग होम की ओर जा रही थीं।
इसी दौरान, मोटरसाइकिल पर पीछे से आए दो अज्ञात युवकों ने उनके गले से डेढ़ तोला सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल फैल गया। सूचना मिलने पर पुलिस स्टेशन डिवीज़न नंबर आठ की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और दोषियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है ताकि लुटेरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। जांच अधिकारी आशीष कुमार ने कहा कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



