
नई दिल्ली के पूसा परिसर में दो दिवसीय राष्ट्रीय ग्रामीण विकास सम्मेलन के दूसरे दिन आज केन्द्रीय ग्रामीण विकास व कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा तैयार तीन महत्वपूर्ण प्रकाशनों का विमोचन किया। ये प्रकाशन विकसित भारत-जी राम जी (VB-G RAM G) अधिनियम, 2025 के प्रभावी क्रियान्वयन, विज्ञान सम्मत योजना निर्माण तथा ग्रामीण अवसंरचना एवं जल सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मार्गदर्शक सिद्ध होंगे।
विमोचित प्रकाशनों में “Draft Framework for Viksit Gram Panchayat Plan (VGPP)”, “Viksit GRAM Darshika” तथा “GRAM Jal Srijan – National Initiative on Water Security” शामिल हैं। ये तीनों प्रकाशन ग्राम पंचायत आधारित नियोजन, अनुमेय कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जल संसाधनों के सतत प्रबंधन के लिए व्यवहारिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराते हैं।
“Draft Framework for Viksit Gram Panchayat Plan (VGPP)” ग्राम पंचायतों में वैज्ञानिक, अभिसरण आधारित एवं संतृप्ति (Saturation) आधारित योजना निर्माण की रूपरेखा प्रस्तुत करता है। यह प्रकाशन युक्तधारा (Yuktdhara) पोर्टल, पीएम गति शक्ति तथा अन्य भू-स्थानिक (Geospatial) तकनीकों के माध्यम से उपलब्ध परिसंपत्तियों का मानचित्रण, विकास अंतराल की पहचान तथा साक्ष्य-आधारित अवसंरचना योजना तैयार करने की चरणबद्ध प्रक्रिया उपलब्ध कराता है। साथ ही ग्राम पंचायत से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक योजनाओं के एकीकरण के माध्यम से *Viksit Bharat National Rural Infrastructure Stack* की अवधारणा को साकार करने की दिशा में आधार तैयार करता है।
“Viksit GRAM Darshika” विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम, 2025 के अंतर्गत अनुमेय विभिन्न कार्यों का एक व्यापक एवं व्यावहारिक संदर्भ ग्रंथ है। इसमें अधिनियम के चार प्रमुख विषयगत क्षेत्रों के अंतर्गत किए जाने वाले ग्रामीण विकास कार्यों का सुव्यवस्थित वर्गीकरण किया गया है। यह प्रकाशन फील्ड अधिकारियों, योजनाकारों एवं कार्यान्वयन एजेंसियों के लिए एक उपयोगी मार्गदर्शिका के रूप में कार्य करेगा तथा ग्राम पंचायत आधारित नियोजन, योजनाओं के अभिसरण और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को बढ़ावा देगा।
“GRAM Jal Srijan – National Initiative on Water Security” विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम, 2025 के प्रथम विषयगत क्षेत्र जल सुरक्षा पर आधारित एक विशेष प्रकाशन है। GIZ India के सहयोग से तैयार इस पुस्तक में अधिनियम के अंतर्गत किए जा सकने वाले लगभग 110 जल संरक्षण एवं जल प्रबंधन संबंधी हस्तक्षेपों का विस्तृत विवरण दिया गया है। भू-जल पुनर्भरण, जलग्रहण क्षेत्र विकास, बाढ़ प्रबंधन तथा सामुदायिक सहभागिता आधारित जल संरक्षण उपायों के माध्यम से यह प्रकाशन स्थानीय स्तर पर जल सुरक्षा को मजबूत बनाने और Water Vision 2047 के लक्ष्यों को प्राप्त करने में सहायक होगा।
इसके साथ ही सम्मेलन के दौरान केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने “VB-G RAM G Youth Digital Campaign” के अंतर्गत आयोजित विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में देश की युवा शक्ति सबसे बड़ी भागीदार है तथा युवाओं की रचनात्मक ऊर्जा और डिजिटल सहभागिता ग्रामीण विकास की नई दिशा तय करेगी।
ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा MY Bharat एवं MyGov पोर्टल के सहयोग से संचालित “VB-G RAM G Youth Digital Campaign” का उद्देश्य “विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम, 2025” के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा युवाओं को डिजिटल जन-आंदोलन से जोड़ना था। अभियान को “विकसित भारत-जी राम जी: युवा शक्ति, पंचायत की प्रगति” थीम के अंतर्गत संचालित किया गया जिसमें क्विज़, वीडियो/रील चैलेंज तथा लोगो डिज़ाइन प्रतियोगिता जैसी सहभागितापूर्ण गतिविधियों के माध्यम से देशभर के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।



