
नेपाल-तिब्बत में आई बाढ़ में मरने वालों की संख्या 682 हो गई है। करीब 3000 लोग अभी भी लापता हैं। इनमें 287 भारतीय भी शामिल हैं। आपदा के 3 दिन बाद ग्लेशियर टूटने का एक वीडियो सामने आया है।
नेपाल में आई बाढ़ के दौरान भोटेकोशी इलाके से एक बैंक लॉकर बहकर कई किलोमीटर दूर पहुंच गया। पुलिस ने इस लॉकर को तोड़कर उसमें रखे कैश निकालने के आरोप में 29 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, बाढ़ में बह जाने के बाद लॉकर धाडिंग देबेलखुखोला के पास मिला। पुलिस को सूचना मिली थी कि स्थानीय लोगों ने लॉकर तोड़कर उसमें रखे कैश निकाल लिए हैं। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
शुरुआती तलाशी में पुलिस को हिरासत में लिए गए लोगों के पास से 92.68 लाख नेपाली रुपये यानी करीब 57 लाख रुपये बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए गए ज्यादातर लोग गलची-4 के मस्तान के रहने वाले हैं। कुछ लोग गलची-6 के आदमघाट और सिधलेख-7 के आदमतर के रहने वाले हैं।
दूसरी तरफ, कुछ लोग मूल रूप से चितवन और परसा के रहने वाले हैं और अभी धादिंग में रह रहे हैं। सभी की उम्र 19 से 49 साल के बीच है। पुलिस अब बरामद पैसों के सोर्स की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मामले में और लोग भी शामिल हैं या नहीं।



