
दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित बड़े विरोध प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पार्टी के अन्य प्रमुख नेताओं को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए जाने से पहले मीडिया से बातचीत करते हुए अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर तीखे प्रहार करते हुए बताया कि पूरे देश में जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने तानाशाही का माहौल बनाया है, वह बेहद गंभीर है। देश के चप्पे चप्पे पर पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स तैनात कर दी गई है और किसी भी नागरिक को अपने घर से बाहर तक नहीं निकलने दिया जा रहा है। स्थिति ऐसी है कि सड़कों पर सामान्य रूप से चल रहे लोगों को भी पुलिस पकड़कर ले जा रही है। इस हद तक तानाशाही इसलिए की जा रही है क्योंकि अब तक प्रधानमंत्री मोदी केवल वोट चोरी करके ही चुनाव जीतते आए हैं, लेकिन इस बार वे रंगे हाथों पकड़े गए हैं। अब सरकार अपने इस कारनामे को दबाना चाहती है और इसे जारी रखना चाहती है। लेकिन देश की जनता अब इस तानाशाही को बर्दाश्त नहीं करेगी, क्योंकि इस अन्याय के खिलाफ देश का युवा वर्ग पूरी तरह जागरूक होकर खड़ा हो गया है।
अरविंद केजरीवाल ने आगे बताया कि CJP के नेता अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका, सौरभ दास, ध्रुव राठी और रत्ना सिंह सहित अन्य लोगों की गिरफ्तारी से देश के युवाओं में भारी गुस्सा है। इसलिए मैं देश के सभी नागरिकों और युवाओं से हाथ जोड़कर अपील करता हूं कि हम सभी को मिलकर देश और लोकतंत्र को बचाना होगा। आप देश में जहां भी हों, अभी घर से बाहर निकलें और दिल्ली की ओर कूच करें। आप स्कूटर, बस, ट्रेन या फ्लाइट—जो भी साधन मिले, उससे दिल्ली पहुंचें। दिल्ली पहुंचते समय पुलिस या सरकार आपको रास्ते में जहां भी रोके, वहीं बैठ जाएं और उस पूरे स्थान को ‘जंतर-मंतर’ बना दें। पूरे देश को जंतर-मंतर में बदल दें। अगर आज हम प्रधानमंत्री को वोट चोरी करने से नहीं रोकेंगे, तो यह देश और हमारा लोकतंत्र नहीं बचेगा।



