खबरदेश

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 10वें स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 पुरस्कार प्रदान करेंगी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 10वें स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 पुरस्कार प्रदान करेंगी

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु 11 नवंबर, 2026 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित एक समारोह में स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के पुरस्कार प्रदान करेंगी।

‘स्वच्छता की नई पहल- बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ विषय पर आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण का 10वां संस्करण सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के शहरी विकास विभाग के तत्वावधान में आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण (एसएस) पुरस्कार 2025-26 के अंतर्गत स्वच्छ भारत मिशन-शहरी में उत्कृष्ट योगदान देने वाले देश के सबसे स्वच्छ शहरों को सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में विभिन्न श्रेणियों के अंतर्गत पुरस्कार प्रदान करेंगी। इस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य तथा विद्युत मंत्री श्री मनोहर लाल और आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू भी उपस्थित रहेंगे।

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के पुरस्कार पिछले एक दशक में शहरों और राज्यों की सामूहिक उपलब्धियों का उत्सव मनाने के साथ-साथ जमीनी स्तर पर हासिल की गई उपलब्धियों को निरंतर बनाए रखने की नई प्रतिबद्धता को भी दर्शाते हैं।

स्वच्छ भारत मिशन-शहरी के प्रमुख स्वच्छता मूल्यांकन कार्यक्रम स्वच्छ सर्वेक्षण का दायरा वर्ष 2016 में 73 शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) से बढ़कर इसके नवीनतम संस्करण में 4,751 से अधिक शहरों तक पहुंच गया है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में कई महत्वपूर्ण सुधार किए गए हैं। इन सुधारों में नागरिकों की प्रतिक्रिया को अधिक महत्व देना, शहरी नदी तटों, समुद्र तटों और जल निकायों के मूल्यांकन का दायरा बढ़ाना तथा खुले में शौच एवं खुले में पेशाब की रोकथाम, पर्यटन एवं विरासत स्थलों की स्वच्छता और विद्यालयों में व्यवहार परिवर्तन सम्बंधी पहलों पर विशेष ध्यान देना शामिल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button