
पंजाब के लुधियाना में गुरुवार को सिंधवान नहर में नहाते समय किनारे से बंधा तार टूट जाने से 8 बच्चे डूब गए। 4 बच्चों ने किसी तरह खुद को बचा लिया, लेकिन 4 बच्चे पानी में लापता हो गए। दो बच्चों के शव कल शाम को मिले, जबकि दो बच्चे अभी भी लापता हैं। गोताखोर उन्हें ढूंढने की कोशिश कर रहे हैं। अभी तक उनका कुछ पता नहीं चल पाया है।
नहर में डूबे बच्चों की पहचान प्रकाश (14), मनीष (15), गोलू (10) और मोलू उर्फ साहिल (10) के रूप में हुई है। इनमें से प्रकाश और मोलू उर्फ साहिल के शव मिल गए हैं। जबकि पुलिस मनीष और गोलू की तलाश कर रही है।
साहनेवाल थाने की पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया। 48 घंटे से बचाव अभियान चल रहा है। प्रकाश का शव मॉडल टाउन थाने की पुलिस को मिल गया है। इसके बाद शुक्रवार सुबह 7:30 बजे मॉडल टाउन थाना क्षेत्र से मोलू उर्फ साहिल का शव भी बरामद कर लिया गया।
सम्राट नगर निवासी प्रमेश के बेटे मनीष (15) की तलाश अभी जारी है। मनीष छठी कक्षा का छात्र था। भीषण गर्मी के कारण वह खेलते-खेलते नहर में नहाने चला गया। मनीष के पिता एक तेजाब फैक्ट्री में काम करते हैं। इसके अलावा मनीष समेत तीन भाई-बहन हैं।