
पंजाब के जालंधर में चार वाहनों की भीषण टक्कर में पूर्व सांसद और वरिष्ठ अकाली नेता मोहिंदर सिंह केपी के इकलौते बेटे रिची केपी (36) की मौत हो गई। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान, शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री मान ने X पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा – जालंधर निवासी वरिष्ठ अकाली नेता और पूर्व सांसद स. मोहिंदर सिंह केपी के बेटे रिची केपी के सड़क दुर्घटना में निधन का समाचार प्राप्त हुआ है। इस दुखद घड़ी में हम उनके परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिवार को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
सुखबीर सिंह बादल ने पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि जालंधर निवासी शिरोमणि अकाली दल के नेता मोहिंदर सिंह केपी के युवा पुत्र रिची केपी की सड़क दुर्घटना में मृत्यु का समाचार सुनकर अत्यंत दुःख हुआ। गुरु साहिब दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने लिखा – पंजाब के वरिष्ठ राजनीतिक नेता मोहिंदर सिंह केपी जी के युवा पुत्र की जालंधर में एक भयानक दुर्घटना में दुखद मृत्यु से अत्यंत दुःखी हूँ। इस असहनीय दुःख की घड़ी में शोक संतप्त परिवार के प्रति हार्दिक संवेदना। ॐ शांति।



