
पंजाब में ठंड ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। दोपहर में खिली धूप जहां कुछ इलाकों में थोड़ी राहत दे रही है, वहीं, तापमान में गिरावट आई है और ठंडी हवाओं से कंपकंपी बढ़ गई है। मौसम विभाग की ओर से जारी ताजा अपडेट के अनुसार, 31 दिसंबर तक मौसम की चेतावनी जारी की गई है। विभाग ने 26 दिसंबर से 31 दिसंबर तक कोल्ड वेव और घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है।
पंजाब और चंडीगढ़ में लोगों को आज से अगले तीन दिनों तक कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग ने कोल्ड वेव और घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हालांकि, मौसम सूखा रहेगा। इस दौरान, अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी कमी आने लगी है। मौसम विभाग ने घने कोहरे और कोल्ड वेव को लेकर चेतावनी जारी की है, जिसमें लोगों से सावधान रहने की अपील की गई है।
राज्य में पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 1.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। यह अब सामान्य के करीब है। राज्य में सबसे कम तापमान फरीदकोट में 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आदमपुर में शीतलहर दर्ज की गई, जबकि गुरदासपुर और पठानकोट में घना कोहरा दर्ज किया गया। इस वजह से चंडीगढ़ एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली छह फ्लाइट्स पर असर पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार, आज पठानकोट, नवांशहर, मोगा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली के कुछ इलाकों में घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। जबकि गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर और बठिंडा में घने कोहरे के साथ मौसम सूखा रहने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब के अलग-अलग इलाकों में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी 50 से 199 मीटर तक कम हो गई, जिससे लोगों को काफी परेशानी हुई। इस बीच, मौसम विभाग के अनुसार, 27 दिसंबर 2025 को एक नया, कमजोर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव हो रहा है। इससे बारिश की संभावना कम होने की संभावना है।



