
नेपाल के धाडिंग जिले में सोमवार देर रात यात्रियों से भरी एक बस हाईवे से नदी में गिर गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल बताए जा रहे हैं। मरने वालों में एक पुरुष और एक महिला विदेशी नागरिक शामिल हैं। हालांकि, अभी तक मृतकों के नाम और राष्ट्रीयता का खुलासा नहीं हुआ है।
आर्म्ड पुलिस फोर्स के मुताबिक, अब तक 17 शव बरामद किए जा चुके हैं। बाद में, एक और यात्री की मौत की पुष्टि हुई, जिससे मरने वालों की संख्या 18 हो गई। हादसे में घायल लोगों को बचा लिया गया है और उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मृतकों और घायलों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है।
बस पोखरा से काठमांडू जा रही थी, तभी किसी वजह से ड्राइवर का बस से कंट्रोल खो गया और वह त्रिशूली नदी में गिर गई। यह हादसा सुबह करीब 1.30 बजे धाडिंग जिले के बेनीघाट रोरंग इलाके में हुआ। पुलिस अभी हादसे की दूसरी जगहों की जांच कर रही है।



