
संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और इशान किशन की धमाकेदार पारियों के दम पर भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को जीत के लिए 256 रनों का बड़ा टारगेट दिया। रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए खिताबी मुकाबले में न्यूजीलैंड के कप्तान मिशेल सेंटनर ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया। जवाब में टीम इंडिया ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 255 रन बनाए। भारत के लिए संजू सैमसन ने 46 गेंदों का सामना करते हुए 89 रनों की धमाकेदार पारी खेली। उन्होंने इस पारी में 5 चौके और 8 छक्के लगाए। अभिषेक शर्मा 21 गेंदों में 52 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसमें 3 छक्के और 6 चौके शामिल थे। इशान किशन ने 25 गेंदों में 54 रन बनाए, जिसमें 4 छक्के और 4 चौके शामिल थे।
T20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारतीय बल्लेबाजों ने कुल 18 छक्के लगाए। इन 18 में से अकेले संजू सैमसन ने 8 छक्के लगाए, जबकि ईशान किशन ने 25 गेंदों तक क्रीज पर रहते हुए चार बार गेंद को बाउंड्री लाइन के पार भेजा। इसके साथ ही भारत ने T20 वर्ल्ड कप में इतिहास रच दिया है। भारत एक T20I सीरीज/टूर्नामेंट में 100 से ज़्यादा छक्के लगाने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है।
भारतीय बल्लेबाजों ने मौजूदा T20 वर्ल्ड कप 2026 के नौ मैचों में कुल 106 छक्के लगाए हैं। एक T20 सीरीज में किसी टीम द्वारा सबसे ज़्यादा छक्के लगाने का पिछला रिकॉर्ड बुल्गारिया के नाम था। जुलाई 2025 में जिब्राल्टर और तुर्की के खिलाफ त्रिकोणीय सीरीज में बुल्गारियाई बल्लेबाजों ने 78 छक्के लगाए थे।



