
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में शनिवार रात करीब 9 बजे एक ट्रैवलर गाड़ी गहरी खाई में गिर गई। हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 18 यात्रियों को बचा लिया गया। घायलों में से चार की हालत गंभीर है। सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, ट्रैवलर बस में दो बच्चों समेत 22 लोग सवार थे, जो चंडीगढ़, राजस्थान और दिल्ली समेत अलग-अलग राज्यों के थे। शुरुआती जांच में पता चला है कि लगातार बारिश के कारण गाड़ी सड़क पर फिसलने लगी। नतीजतन, बंजार की ओर उतरते समय ट्रैवलर बस का कंट्रोल खो गया और वह खाई में गिर गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। टीम राहत और बचाव कार्य में लगी हुई है। बताया जा रहा है कि सभी टूरिस्ट जिभी में रुके हुए थे और जालोरी पास से लौट रहे थे।


