
विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय राजधानी स्थित प्रसिद्ध जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में लोगों का विशाल जनसमूह उमड़ पड़ा, जहां केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने प्रसिद्ध अभिनेता विक्रांत मैसी, विश्व चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता मुक्केबाज नुपुर श्योराण तथा कन्नड़ फिल्म अभिनेत्री रागिनी द्विवेदी के साथ इस विशेष राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम का नेतृत्व किया।
नई दिल्ली में 15,000 से अधिक फिटनेस उत्साहियों ने साइकिल चलाई, जबकि देशभर में कारगिल और लेह से लेकर कन्याकुमारी और अलप्पुझा तक तथा त्रिपुरा से वडोदरा तक हजारों स्थानों पर आयोजित इस एकदिवसीय साइकिलिंग अभियान में 4 लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया।
दिसंबर 2024 में डॉ. मनसुख मांडविया द्वारा शुरू की गई इस साइकिल पहल से अब तक 30 लाख से अधिक लोग जुड़ चुके हैं और यह देशभर के हजारों स्थानों तक पहुंच चुकी है। केंद्रीय खेल मंत्री ने मैत्रीपूर्ण रस्साकशी प्रतियोगिता में अभिनेता विक्रांत मैसी को पराजित किया और इसके बाद प्रतिभागियों के साथ “भारत माता की जय” तथा “फिट इंडिया, हिट इंडिया” के नारों के बीच साइकिल चलाई।
देशभर में विभिन्न राज्य सरकारों के खेल विभागों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ), तटरक्षक बल, थल सेना, नौसेना, वायु सेना, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) तथा सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने भी बड़ी संख्या में इस अभियान में भाग लिया।



