
घरेलू LPG ग्राहकों को 30 जून तक अपने LPG कनेक्शन की KYC करवानी होगी, वरना उनके बैंक अकाउंट में सब्सिडी आनी बंद हो जाएगी। हालांकि LPG सिलेंडर पर सब्सिडी के तौर पर सिर्फ़ 24 रुपये ही मिलते हैं, लेकिन इस प्रक्रिया को फ़र्ज़ी कनेक्शन की पहचान करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
तेल कंपनियों ने इस बारे में सभी गैस डिस्ट्रीब्यूटरों को आदेश जारी किए हैं। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के CGM परमेश्वर लाल के अनुसार, यह कोशिश इसलिए की जा रही है ताकि खाना पकाने वाली गैस के ग्राहकों को गैस सप्लाई में पारदर्शिता बनी रहे, नकली कनेक्शनों पर कार्रवाई हो सके और सही ग्राहक तक सप्लाई सुनिश्चित की जा सके।
तेल कंपनियों का कहना है कि कई जगहों पर ऐसे मामले सामने आए हैं जहाँ एक ही पते पर कई कनेक्शन चल रहे हैं या ऐसे ग्राहकों के नाम पर गैस सप्लाई ली जा रही है जिनकी मौत हो चुकी है। इसके अलावा, घर बदलने वाले ग्राहकों के कनेक्शन के गलत इस्तेमाल को रोकना भी इस अभियान का एक अहम हिस्सा है। अगर 30 जून तक KYC नहीं कराया गया, तो पोर्टल बंद किया जा सकता है।


