
नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी ने भारत के चुनाव आयोग को लेकर मीडिया में हुए सनसनीखेज खुलासे के बाद राजनीतिक दलों को बंटने के बजाय एक मंच पर आकर वोट के अधिकार की लड़ाई लड़ने की सलाह दी है। पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि अलग-अलग मंचों में बंटने के बजाय “काकरोच” आंदोलन का सभी दलों को समर्थन करना चाहिए। भारत के चुनाव आयोग का कॉम्प्रोमाइज होना पूरे देश के लोकतंत्र के लिए खतरनाक है। यह किसी एक पार्टी या गठबंधन का मुद्दा नहीं है। ना ही यह भाजपा और विपक्ष की लड़ाई है। बल्कि यह देश के 140 करोड़ लोगों के वोट देने के अधिकार का मुद्दा है। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं ने ‘कॉकरोच’ के बैनर तले चुनाव आयोग ठीक करने का आंदोलन छेड़ा है। आज देश का युवा कॉकरोच आंदोलन के साथ है।
मंगलवार को मीडिया बातचीत में सौरभ भारद्वाज ने कहा कि देश का चुनाव आयोग कॉम्प्रोमाइज्ड है और यह पूरे देश के लोकतंत्र के लिए बहुत बड़ा मामला है। यह लड़ाई किसी एक पार्टी या गठबंधन की नहीं है और न ही केवल भाजपा और विपक्ष की है, बल्कि यह 140 करोड़ हिंदुस्तानियों की लड़ाई है और इसे सबको मिलकर लड़ना पड़ेगा।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि कॉकरोचों ने देश के युवाओं के साथ मिलकर 2 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ एक शांतिपूर्ण प्रोटेस्ट की अपील की है। सबको इस प्रोटेस्ट में मदद करनी चाहिए और युवाओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर यह लड़ाई लड़नी चाहिए। अगर राजनीतिक दल और गठबंधन यह लड़ाई अलग-अलग होकर लड़ेंगे, तो यह लड़ाई बंट जाएगी और कमजोर हो जाएगी।
सौरभ भारद्वाज ने आगे कहा कि हमने दिल्ली के जंतर-मंतर पर 2 अक्टूबर को प्रोटेस्ट करने के लिए पुलिस को सूचना दे दी है। “आप” के छात्र संगठन एसैप ने बहुत सारे युवाओं से संपर्क किया है और युवाओं के बीच इस शांतिपूर्ण प्रोटेस्ट को लेकर काफी उत्साह है।



