
नई दिल्ली ” मंत्री प्रवेश वर्मा के थप्पड़ कांड से हर तरह किरकिरी का सामना कर रही भाजपा मंगलवार को एमसीडी सदन से भी आम आदमी पार्टी के सवालों का सामना करने से भाग गई। पहले तो भाजपा के कहने पर सुरक्षा कर्मियों ने ‘‘आप’’ पार्षदों को सदन में जाने से रोकने की कोशिश की और जब पार्षद सदन में थप्पड़बाज मंत्री प्रवेश वर्मा और अवैध पीजी का मुद्दा उठाया तो भाजपा ने सदन को ही स्थगित करा दिया। एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में सड़क से लेकर सदन तक भाजपा अपनी गुंडागर्दी दिखा रही है। उन्होंने भाजपा से प्रवेश वर्मा को पार्टी ने निकालने और सार्वजनिक माफी मंगवाने की मांग की है।
एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि सदन में भाजपा शासित एमसीडी के सिक्योरिटी गार्डों ने आम आदमी पार्टी के पार्षदों को सदन में जाने से रोकने का प्रयास किया। भाजपा के लोगों के सिर पर सरकार का अहंकार बोल रहा है और इनकी भाषा व बर्ताव में पार्षदों का अहंकार साफ दिखाई देता है। इनके नेताओं ने अपने कार्यकर्ताओं में संस्कार डाल रखे हैं कि कोई सवाल पूछे तो तुरंत थप्पड़ मार दो। इनके लिए कोई बड़ी बात नहीं है, ये लोग मुझे भी यहां थप्पड़ मार सकते हैं।
अंकुश नारंग ने आगे कहा कि भाजपा के मंत्री प्रवेश वर्मा ने सरेआम कैमरे के सामने 22 साल के एक जेन-जी युवा को थप्पड़ मारा और उसके बाद उनके सिक्योरिटी गार्ड आगे आ गए। भारत जैसे दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश में इस घटना की एफआईआर तक दर्ज नहीं हो रही है और न्याय के लिए कभी विकासपुरी थाने, कभी डीसीपी ऑफिस तो कभी पुलिस कमिश्नर के पास गुहार लगानी पड़ रही है। दूसरी तरफ जब विधायक जरनैल सिंह सड़क का निरीक्षण कर रहे थे और भ्रष्टाचार उजागर करते हुए खराब सड़क उखाड़ कर दिखाई, तो उल्टे उन्हीं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई।
अंकुश नारंग ने कहा कि यह भाजपा की गुंडागर्दी है और प्रवेश वर्मा को तुरंत प्रभाव से भाजपा से निलंबित किया जाना चाहिए। प्रवेश वर्मा को उस युवा से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए और इस पूरे मामले की तुरंत इंक्वायरी होनी चाहिए।
अंकुश नारंग ने कहा कि जब आम आदमी पार्टी के पार्षद सदन में पहुंचे, तो डिप्टी मेयर ने एकदम से कार्यवाही स्थगित कर दी। भाजपा नेताओं को डर था कि आम आदमी पार्टी सत्य निकेतन और भाजपा विधायक अनिल शर्मा के पीजी जैसे अवैध पीजी का मुद्दा उठाएगी। खुद भाजपा के नेता ये पीजी चलाते हैं और वहां से 6-6 लाख रुपए महीने का किराया वसूलते हैं। दिल्ली में हो रहे हादसों के पीछे भाजपा नेताओं, विधायकों, पार्षदों और एमसीडी अफसरों का नेक्सस है, जो अपने फायदे के लिए दिल्लीवासियों की जान का सौदा कर रहे हैं।
अंकुश नारंग ने एक्स पर कहा कि दिल्ली में भाजपा की सत्ता आते ही अहंकार सिर चढ़कर बोलने लगा है। सवाल पूछने वाले 22 वर्षीय युवक को मंत्री प्रवेश वर्मा द्वारा थप्पड़ मारना लोकतांत्रिक मूल्यों और जनप्रतिनिधियों की मर्यादा पर गंभीर सवाल खड़े करता है। भाजपा की चार इंजन सरकार बताए, क्या जनता के सवालों का जवाब अब थप्पड़ से दिया जाएगा। प्रवेश वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए, भाजपा से निष्कासित किया जाए और युवक से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
अंकुश नारंग ने कहा कि भाजपा शासित एमसीडी अवैध पीजी और अवैध निर्माण पर कार्रवाई के नाम पर दोहरी नीति भी दिल्ली की जनता के सामने है। जब सत्ता से जुड़े लोगों पर ही ऐसे आरोप हों, तो निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद कैसे की जा सकती है। सदन सवालों से चलता है, ताले और दबाव से नहीं। भाजपा को जवाब देना होगा। आम आदमी पार्टी दिल्ली की जनता से जुड़े हर मुद्दे की आवाज सड़क से सदन तक उठाती रहेगी।



