खबरदेश

25 साल हो गए, अब तो देश का पीछा छोड़ दो मोदी जी- संजय सिंह

25 साल हो गए, अब तो देश का पीछा छोड़ दो मोदी जी- संजय सिंह

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 साल पूरे कर रहे नरेंद्र मोदी पर तीखा कटाक्ष किया है। उन्होंने पीएम मोदी से कहा कि 25 साल हो गए, अब तो देश का पीछा छोड़ दीजिए। पिछले 25 सालों में मोदी जी ने देश में सिर्फ नफरत फैलाने, वोट चोरी, सरकारें चुराने और भ्रष्टाचारियों को बचाने का काम किया है। मोदी जी ने देश के नौजवानों, किसानों, महिलाओं, बुजुर्गों समेत सबको परेशान कर दिया है। उन्होंने अंधभक्तों से कहा कि अंधभक्त चिंता न करें। मोदी जी नॉन-बायोलॉजिकल हैं। वह 3047 तक भारत को विकसित बना ही देंगे।

“आप” के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि मोदी जी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में अपने 25 साल पूरे कर लिए हैं और उन्होंने भगवान से आशीर्वाद मांगा है कि उन्हें और समय दिया जाए। अब उनके अंधभक्त समर्थक कह रहे हैं कि 2047 तक मोदी जी भारत को विकसित बना देंगे। मोदी जी खुद कह रहे हैं कि उन्हें और काम करना है और 2047 तक भारत को विश्व गुरु बनाना है।

संजय सिंह ने आगे कहा कि 2047 तक तो संभवतः उनकी उम्र 98 साल हो जाएगी। मैं चाहता हूं कि वे दीर्घायु हों, लेकिन वे इस देश का बेड़ा गर्क कब तक करेंगे? मोदी जी ने 25 साल में देश को कहां पहुंचा दिया? उन्होंने नफरत के नाम पर समाज को बांटने का काम किया है। उनको और समय क्यों चाहिए? क्या उनको वोट चोरी करने, सरकारें चुराने, विधायकों और सांसदों की खरीद- फरोख्त करने और भ्रष्टाचारियों को अपनी पार्टी में शामिल करने के लिए और समय चाहिए?

संजय सिंह ने कहा कि क्या मोदी जी को सड़कों में गड्ढे बनाने, पेपर लीक कराने, एक लाख सरकारी स्कूल बंद करने और अस्पतालों की बदहाली के लिए और समय चाहिए? उनको किस लिए समय चाहिए? एमएसएमई सेक्टर, कुटीर उद्योगों और लघु उद्योगों को बर्बाद करने और लाखों की संख्या में उन्हें बीमार घोषित करने के लिए मोदी जी समय चाहिए? क्या भारत की सेना को अग्निवीर जैसी योजना लाकर कमजोर करने के लिए उनको और समय चाहिए?

संजय सिंह ने कहा कि मोदी जी तो अवतार हैं। वे 1000 साल तक भी जीवित रह सकते हैं और वे यह भी कह सकते हैं कि यह तो उनकी कृपा है, वे 2047 तक वे भारत को विश्व गुरु बनाएंगे, वरना वे यह भी कह सकते हैं कि वे 3047 तक भारत को विश्व गुरु बनाएंगे। 1000 साल तक अंधभक्त इंतजार करते रहेंगे, इससे क्या फर्क पड़ता है। 3047 में भारत विश्व गुरु और विकसित बन जाएगा। तब तक तो मोदी जी जीवित रहेंगे, क्योंकि वे अवतार हैं। वे सामान्य मानव तो हैं नहीं, वे नॉन-बायोलॉजिकल हैं।

संजय सिंह ने कहा कि मैं मोदी जी से हाथ जोड़कर यही प्रार्थना करूंगा कि अब इस देश का पीछा छोड़ दीजिए। उन्होंने नौजवानों से लेकर किसानों तक, माताओं-बहनों से लेकर बुजुर्गों तक, सबको तंग, परेशान और हैरान कर दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button