खबरदिल्लीदेशराजनीतिराज्य

दिल्ली का प्रदूषण कम दिखाने के लिए जंगलों में मॉनिटरिंग स्टेशन लगा रही भाजपा सरकार- सौरभ भारद्वाज

दिल्ली का प्रदूषण कम दिखाने के लिए जंगलों में मॉनिटरिंग स्टेशन लगा रही भाजपा सरकार- सौरभ भारद्वाज

आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के वास्तविक प्रदूषण को छिपाने के लिए हरे-भरे और खाली इलाकों में मॉनिटरिंग स्टेशन स्थापित करने के भाजपा सरकार के फैसले पर कड़ी आपत्ति जताई है। प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि सरकार दिल्ली का प्रदूषण कम दिखाने के लिए जंगलों में मॉनिटरिंग स्टेशन लगा रही है। सरकार का मकसद प्रदूषण कम करना नहीं है, बल्कि दिल्ली के लोगों को बेवकूफ बनाना है। उन्होंने पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा से पूछा कि नए एक्यूआई मॉनिटरिंग स्टेशन हरित और कम प्रदूषित इलाकों में क्यों लगाए जा रहे हैं? क्लाउड सीडिंग के नाम पर दिल्लीवालों का करोड़ों रुपए क्यों बर्बाद किया गया और क्या सरकार एक बार फिर एक्यूआई मॉनिटरिंग स्टेशनों पर पानी छिड़कने के लिए वाटर टैंकर तैनात करेगी?

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली के प्रदूषण को लेकर पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा से हमारा यह सवाल है कि वे नए एक्यूआई मॉनिटरिंग स्टेशन बना रहे हैं और उनको दिल्ली के हरे-भरे व खाली इलाकों में लगा रहे हैं। जेएनयू, इग्नू, कॉमनवेल्थ गेम्स विलेज, छावला, घुम्मनहेड़ा, झड़ौदा कलां और घोंडा जैसे इलाके खाली हैं। यहां ट्रैफिक जाम नहीं होता, कोई खास धूल-मिट्टी नहीं उड़ती और चारों तरफ हरे-भरे पेड़ हैं।

सौरभ भारद्वाज ने आगे कहा कि भाजपा सरकार वही कर रही है जो यमुना में किया गया था। छठ पूजा के आसपास हरियाणा से साफ पानी छोड़कर यमुना के पानी को 15 दिन के लिए डाइल्यूट कर दिया जाता है और कहा जाता है कि प्रदूषण कम हो गया। इसी तरह, अब सरकार नई और हरी-भरी जगहों पर एक्यूआई मॉनिटरिंग स्टेशन लगाकर दिल्ली के औसत एक्यूआई डेटा को कम दिखाने की कोशिश कर रही है। सरकार प्रदूषण कम नहीं कर रही है। पिछले साल भी आनंद विहार जैसे मॉनिटरिंग स्टेशनों के ऊपर इनके वाटर टैंकर छिड़काव कर रहे थे, जिसे हमने दिखाया भी था। दिल्ली सरकार में बैठे लोग पूरी दिल्ली और पूरे देश को बेवकूफ बना रहे हैं। इन्हें प्रदूषण कम नहीं करना है, सिर्फ नाटक करना है।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि इनके मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बड़ी-बड़ी बातें की थीं कि क्लाउड सीडिंग होगी, लेकिन उसका क्या हुआ? उन्होंने करोड़ों रुपए बर्बाद कर दिए। केंद्र सरकार ने लिखित में इनकी सरकार को बताया था कि सर्दियों में दिल्ली में क्लाउड सीडिंग संभव ही नहीं है। इसके बावजूद, इन्होंने सिर्फ लोगों को बेवकूफ बनाने के लिए यह नौटंकी की और करोड़ों रुपए बर्बाद किए। भाजपा सरकार नौटंकी करना बंद करे और कुछ काम करे।

सौरभ भारद्वाज ने भाजपा मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा को दिल्ली के प्रदूषण को लेकर तीन सवालों का जवाब मांगा है। पहला, नए एक्यूआई मॉनिटरिंग स्टेशन हरित और कम प्रदूषित इलाकों में क्यों लगाए जा रहे हैं? दूसरा, जब एक्सपर्ट पहले ही कह चुके थे कि दिल्ली की सर्दियों में यह व्यावहारिक नहीं है, तो क्लाउड सीडिंग पर करोड़ों रुपए क्यों बर्बाद किए गए? तीसरा, क्या सरकार एक बार फिर एक्यूआई मॉनिटरिंग स्टेशनों पर पानी छिड़कने के लिए वाटर टैंकर तैनात करेगी?

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button