
नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी का एक प्रतिनिधि मंडल सीमापुरी बिल्डिंग हादसे के घायलों से अस्पताल जाकर मुलाकात की। प्रतिनिधि मंडल में ‘‘आप’’ के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज के साथ उपाध्यक्ष संजीव झा, उपाध्यक्ष कुलदीप कुमार और स्थानीय विधायक वीर सिंह धींगान शामिल थे। इस दौरान उन्होंने पीड़ितों से हादसे के बारे में पूरी जानकारी ली और भाजपा की रेखा गुप्ता सरकार से जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि 24 घंटे बीत जाने के बाद भी बचाव अभियान अभी तक पूरा नहीं हुआ है। यह भाजपा सरकार की पूरी तरह से विफलता है। इस हादसे में 3 बच्चे समेत 8 लोगों की मौत के बाद भी अभी तक मुख्यमंत्री, मंत्री या भाजपा का कोई सांसद पीड़ितों से मिलने नहीं गया है।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि बुधवार से मौके पर हमारे विधायक वीर सिंह धींगान मौजूद हैं। यह बड़ी हैरानी की बात है कि यहां भाजपा का न कोई सांसद आया, न कोई मंत्री और न ही मुख्यमंत्री आईं। देश की राजधानी दिल्ली में जब से भाजपा की सरकार बनी है और दो दशकों से एमसीडी भी इन्हीं के हाथ में है, ऐसा लग रहा है कि दिल्ली को किसी की नजर लग गई है। हर महीने इमारतें गिर रही हैं, हादसे हो रहे हैं, आग लग रही है और लोग मर रहे हैं। सत्य निकेतन के हादसे में मुख्यमंत्री रोज सुबह-शाम जा रही थीं क्योंकि वहां लोग हंगामा कर रहे थे और डूसू का चुनाव था। इसलिए उन्हें डर था कि कहीं इसका असर चुनाव पर न पड़ जाए।
सौरभ भारद्वाज ने आगे कहा कि सत्य निकेतन में सात लोग मारे गए थे, जबकि यहां आठ लोगों की जान गई है और हम यहां घायलों से भी मिले हैं। यह बड़ी शर्मनाक बात है कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को इतनी भी शर्म और उनके मन में इतनी भी दया नहीं रही कि राजधानी में आठ लोगों की मौत के बावजूद वह या उनका कोई मंत्री अभी तक मौके पर नहीं पहुंचा। ऐसा लगता है कि भाजपा अब हर चीज में सिर्फ राजनीति देखती है।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि हमारी मांग है कि मरने वाले लोगों के परिवारों को कम से कम 10-10 लाख रुपए का मुआवजा दिया जाए और घायलों को भी मुआवजा मिले, क्योंकि यह सरकार का काम है। दुनिया में कहीं कोई हादसा होता है तो प्रधानमंत्री उसके लिए ट्वीट करते हैं, लेकिन अपने देश की राजधानी के हादसे पर वह भी चुप हैं। यह गलत है और इसी कारण युवाओं में भाजपा के प्रति गुस्सा बढ़ता जा रहा है, जिससे आज जगह-जगह प्रदर्शन हो रहे हैं और लोग सरकार को गालियां दे रहे हैं।
सौरभ भारद्वाज ने एक्स पर कहा कि दिल्ली के अंदर लगातार हादसे हो रहे हैं। सीमापुरी में बिल्डिंग गिरने से आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, लेकिन इसके बावजूद न तो कोई मंत्री पहुंचा, न मुख्यमंत्री पहुंचीं और न ही मेयर पहुंचे। यह दिखाता है कि इन लोगों के पास दिल नहीं, पत्थर हैं। ये लोग सिर्फ और सिर्फ डूसू चुनाव में राजनीति करने के इरादे से सत्य निकेतन पीजी हादसे के दौरान पहुंचे थे। अब चुनाव खत्म हो गए, तो इनकी सारी संवेदना और शर्म भी खत्म हो गई।



