
मोहाली में कबड्डी प्लेयर राणा बलचौरिया केस में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने पश्चिम बंगाल के हावड़ा से दो शूटर्स को गिरफ्तार किया है। दोनों की पहचान करण पाठक और तरनदीप सिंह के तौर पर हुई है। पंजाब पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने पंजाब, महाराष्ट्र, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में ऑपरेशन चलाकर दोनों शूटर्स को गिरफ्तार किया। यह ऑपरेशन सिक्किम पुलिस, मुंबई पुलिस, पश्चिम बंगाल स्पेशल टास्क फोर्स, सेंट्रल एजेंसियों और हावड़ा की लोकल पुलिस के सहयोग से किया गया।
इसके अलावा, हैंडलर अमर खाबे राजपूता के विदेश में रहने वाले करीबी रिश्तेदार आकाश को भी गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों को आगे की जांच के लिए पंजाब लाया जाएगा। मामले में बाकी आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है, ताकि पूरे मामले का खुलासा हो सके।
आपको बता दें कि आज सुबह DGP ने कहा था कि जल्द ही बड़े खुलासे किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस के पास काफी जानकारी है। दोपहर बाद पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करके ऑपरेशन का खुलासा किया।



