
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने मेडिकल एंट्रेंस एग्ज़ाम, NEET की नई तारीख़ का ऐलान कर दिया है। दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने घोषणा की कि NEET-UG की दोबारा परीक्षा अब 21 जून को होगी। पेपर लीक के आरोपों और छात्रों के विरोध प्रदर्शनों के बाद सरकार ने यह अहम कदम उठाया है, और शिक्षा मंत्री ने अगले साल से NEET परीक्षा ऑनलाइन आयोजित करने की एक बड़ी घोषणा भी की है।
परीक्षाओं में पारदर्शिता के विषय पर बोलते हुए धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि कंप्यूटर-आधारित टेस्ट (CBT) मोड, OMR की तुलना में अधिक सुरक्षित है। यद्यपि साइबर अपराध एक बड़ी चुनौती है, फिर भी हमें देश की प्रणालियों पर अपना पूर्ण विश्वास रखना चाहिए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार हमेशा से ही छात्रों की कड़ी मेहनत और प्रयासों के प्रति संवेदनशील रही है। उन्होंने कहा, “हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता छात्र और उनका भविष्य हैं। हम किसी भी योग्य छात्र के साथ कोई भी अन्याय नहीं होने देंगे।”



