
प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग (डीएआरपीजी) और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईटीआई) राजस्थान सरकार के सहयोग से 1-2 जुलाई, 2026 को जयपुर, राजस्थान में 29वें राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस सम्मेलन (एनसीईजी) 2026 का आयोजन कर रहे हैं। इस वर्ष के सम्मेलन का विषय ‘विकसित भारत 2047: एआई-सक्षम, डेटा-संचालित और सुरक्षित डिजिटल शासन ‘ है।
दो-दिवसीय सम्मेलन का उद्घाटन राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा करेंगे। इस कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार मंत्री कर्नल राजवर्धन सिंह राठौर भी उपस्थित रहेंगे।
ई-गवर्नेंस 2026 के लिए, सम्मेलन के दौरान राष्ट्रीय पुरस्कार 17 उत्कृष्ट पहलों को प्रदान किए जाएंगे। इन पुरस्कारों में सात श्रेणियों में 10 स्वर्ण, 6 रजत और 1 जूरी पुरस्कार शामिल हैं जो केंद्रीय मंत्रालयों/विभागों, राज्य/केंद्र शासित प्रदेश सरकारों, जिला प्रशासन, ग्राम पंचायतों और शैक्षणिक/अनुसंधान संस्थानों को दिए जाएंगे। ये पुरस्कार भारत सरकार के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय और पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री, और कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय, परमाणु ऊर्जा विभाग और अंतरिक्ष विभाग के राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह द्वारा प्रदान किए जाएंगे।
इस सम्मेलन का उद्देश्य सरकारी अधिकारियों, उद्योग जगत के विशेषज्ञों और शिक्षाविदों को एक साथ लाना है ताकि भारत में सुरक्षित और टिकाऊ ई-सेवा वितरण सुनिश्चित करने के लिए नवीन और परिवर्तनकारी दृष्टिकोणों पर चर्चा की जा सके; इस प्रकार एक विकसित भारत की परिकल्पना में योगदान दिया जा सके।



