
आम आदमी पार्टी के MP डॉ. राजकुमार चब्बेवाल ने दावा किया है कि गुरुवार सुबह उन्हें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नाम से एक संदिग्ध फ़ोन कॉल आया। MP ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद जांच शुरू की गई।
डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 8.45 बजे उन्हें एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने दावा किया कि गृह मंत्री अमित शाह उनसे बात करना चाहते हैं। फिर फ़ोन पर दूसरे व्यक्ति ने खुद को अमित शाह बताते हुए उन्हें जन्मदिन की बधाई दी और पूछा कि वह अभी कहां हैं। डॉ. चब्बेवाल ने कहा कि वह होशियारपुर में हैं। खुद को अमित शाह बताने वाले व्यक्ति ने उनसे कहा कि जब भी वह दिल्ली आएं तो उनसे मिलें।
MP ने बताया कि बातचीत के दौरान उन्हें शक हुआ क्योंकि कॉल करने वाले की आवाज़ गृह मंत्री अमित शाह जैसी नहीं लग रही थी और कॉल किसी सरकारी नंबर से नहीं आई थी। मामले को संदिग्ध मानते हुए उन्होंने तुरंत होशियारपुर के सीनियर पुलिस अधिकारियों से संपर्क किया, संबंधित मोबाइल नंबर और कॉल की पूरी जानकारी दी और जांच करने को कहा।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शिकायत के बाद जांच शुरू कर दी गई है। कॉल करने वाले और नंबर की पहचान के लिए टेक्निकल जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



