
भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड ने पोंग बांध पर अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस बड़े उत्साह और सम्मान के साथ मनाया। इस कार्यक्रम का आयोजन मुख्य अभियंता राकेश गुप्ता के निर्देशों के अनुसार किया गया, जिसमें अधीक्षण अभियंता मनवीन चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस कार्यक्रम के दौरान, मुख्य अतिथि सहित विभिन्न अधिकारियों, कर्मचारियों और यूनियन नेताओं ने पोंग बांध पर स्थित ‘शहीद स्मारक’ पर पुष्पचक्र अर्पित कर, बांध के निर्माण के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले श्रमिकों को श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पोंग बांध के निर्माण में श्रमिकों और इंजीनियरों की अथाह मेहनत और समर्पण के कारण ही यह परियोजना देश का गौरव बन पाई है। श्रमिकों के योगदान को याद करते हुए उन्होंने कहा कि संस्था की प्रगति में उनकी भूमिका अद्वितीय है।
मुख्य अतिथि मनवीन चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि श्रमिक किसी भी संगठन की मज़बूत नींव होते हैं और उनके बिना विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड की उपलब्धियों में श्रमिकों और कर्मचारियों की कड़ी मेहनत का अहम योगदान है। श्रमिकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
इस अवसर पर, कार्यकारी अभियंता अरविंदरपाल सिंह उभी, गौरव लांबा, SDO धर्मिंदर सिंह, शुभम सिंह, ज्ञानिंदर और यूनियन नेताओं शिव कुमार तथा विजय कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।



